Varanasi News: आदिविश्वेश्वर वार्ड में पत्थरगली में स्लाटर हाउस लंबे समय से चल रहा था। जिस जगह पर स्लाटर हाउस चल रहा था, उसी जगह पर 33.78 लाख की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा।
वाराणसी शहर में आदिविश्वेश्वर वार्ड में जिस जगह पर स्लाटर हाउस चलता था, वहां अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। यहां ओपीडी चलने के साथ ही सामान्य बीमारियों के मरीजों को भर्ती करने की सुविधा भी रहेगी। शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बुधवार को स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया।
विज्ञापन
नगर निगम के वार्ड नंबर 69 आदिविश्वेश्वर वार्ड में पत्थरगली में स्लाटर हाउस लंबे समय से चल रहा था। जिस जगह पर स्लाटर हाउस चल रहा था, उसी जगह पर 33.78 लाख की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा। इस दौरान विधायक ने कहा कि सरकार की ओर से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से साल दर साल अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इस बाबत CMO डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि यहां नियमित ओपीडी चलाए जाने के साथ ही सामान्य मरीज जरुरत पड़ने पर भर्ती किए जा सकेंगे। पार्षद इंद्रेश सिंह ने विधायक समेत अन्य अतिथियों का स्वागत कर इसे वॉर्ड के लोगों के स्वास्थ्य के हितों के लिए बड़ा कदम बताया। कार्यक्रम में गोपाल गुप्ता, संजय केशरी, अनंत राज गुप्ता, श्रवण गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।