सारनाथ (वाराणसी)। बेनीपुर स्थित नाले के समीप संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने एक टेंट हाउस के मालिक पर हत्या का आरोप लगा कर कार्रवाई की मांग की है।
सारनाथ थाना अंतर्गत मवइया नान्हूपुर निवासी महेंद्र राजभर (32) फूल की सजावट का काम करता था। सोमवार की रात लगभग 12 बजे घर जाते समय बेनीपुर (पहडि़या) में नाले के समीप संदिग्ध परिस्थिति में उसकी मौत हो गई। महेंद्र राजभर के मोबाइल से ही नाइट अफसर रहे एसआई हर्षमणि तिवारी ने परिजनों को सूचना दी। उधर, महेंद्र के भाई सुरेंद्र राजभर ने बताया कि टेंट हाउस के मालिक पर महेंद्र का लगभग डेढ़ लाख रुपये बकाया था। इसे लेकर दोनों में तनाव रहता था। बताया कि सोमवार की शाम एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से महेंद्र राजभर को लेने घर आया था। प्रभारी निरीक्षक सारनाथ विजय बहादुर सिंह ने कहा कि परिजन टेंट के मालिक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरा की फुटेज की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।