हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कब्जा रहा। इस पैनल से अंकित सिंह सर्वाधिक 1313 मत पाकर विजयी हुए। इसके अलावा उपाध्यक्ष, महामंत्री और पुस्तकालय मंत्री पद पर समाजवादी छात्रसभा के पैनल के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
विज्ञापन
14 बूथों पर पंजीकृत 7353 में 2381 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। मतदान में 188 मतदाताओं ने नोटा का भी इस्तेमाल किया, जबकि 154 मत सही ढंग से न पड़ने की वजह से निरस्त कर दिए गए।
गहमा गहमी के बीच सुबह 8 बजे से दोपहर एक बजे तक चली मतदान की प्रक्रिया में परिसर के भीतर जहां प्रत्याशी मतदाताओं का पैर पकड़कर वोट की गुहार लगाते रहे, वहीं बाहर समर्थक एक-एक वोट सहेजने में लगे रहे।
विज्ञापन
अध्यक्ष समेत चार प्रमुख पदों पर केवल दो-दो प्रत्याशी होने की वजह से कांटे की टक्कर देखने को मिली। शाम तीन बजे से शुरू होकर करीब दो घंटे तक चली मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी डॉ. विजय कुमार राय ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की। इसमें अध्यक्ष पद पर अंकित कुमार सिंह को 1313 मत मिले जबकि दूसरे नंबर पर समन कुमार यादव ने 1027 मत प्राप्त किया।
उधर समाजवादी छात्रसभा के पैनल से उपाध्यक्ष पद पर ऋषि यादव 2080 मत पाकर विजयी हुए। इस पद पर संदीप कुमार सोनकर को 203 मत मिले। महामंत्री पद पर विजयी सावन कुमार यादव को 1243 मत मिले जबकि 1068 मत पाकर सुधांशु दूसरे नंबर पर रहे।
उधर पुस्तकालय मंत्री पद पर 1968 मत के साथ राहुल कन्नौजिया ने जीत हासिल की और इस पद पर दूसरे नंबर पर रहे मनोज कुमार को 299 मत मिले। विजयी प्रत्याशियों को प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने प्रमाण पत्र वितरित कर शपथ दिलाई।
दो गुटों में नोकझोंक, पुलिस ने खदेड़ा
varanasi
- फोटो : अमर उजाला
छात्रसंघ चुनाव में मतदान के दौरान बाहर प्रत्याशी के समर्थन में नारेबाजी कर रहे दो गुटों में जमकर नोकझोंक हुई। यहां समाजवादी छात्रसभा और विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता प्रचार के दौरान आपस में भिड़ गए। पहले पुलिस ने दोनों गुटों के लोगों को समझाया इसके बाद भी किसी ने बात नहीं मानी। मामला बढ़ता देख पुलिस ने लाठी पटक कर प्रचार कर रहे छात्रों को खदेड़ा।
इसी बीच सपा नेता लालू यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि पुलिस ने लालू की पिटाई कर दी, इसमें उसे हल्की चोट भी आई है। उधर मतगणना के बाद शाम को मैदागिन इलाके में फायरिंग की सूचना भी मिली लेकिन बाद में पता चला कि किसी ने अफवाह उड़ाई थी।
ये चुने गए संकाय प्रतिनिधि
कला संकाय-आशीष राय
वाणिज्य संकाय-गणेश प्रसाद यादव
विज्ञान संकाय-अरविंद कुमार विश्वकर्मा
शिक्षा संकाय-लकी उपाध्याय
विधि संकाय-अनुराग जायसवाल
चुनाव के बाद घर में घुसकर दवा व्यवसायी से मारपीट
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के छात्रसंघ का चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रविवार शाम कुछ छात्र सप्तसागर निवासी दवा कारोबारी आशीष यादव और विनोद यादव के घर में घुस गए। छात्रों ने दोनों भाइयों की पिटाई करने के साथ ही विनोद की पत्नी राधा और उनके छह साल के बेटे स्वप्निल को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस पहुंची तो उपद्रवी भाग निकले। आशीष की तहरीर पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सम्मान यादव, उसके पिता लालू यादव, अभिषेक यादव, कृष्णा यादव और गौरव यादव उर्फ मानू समेत अन्य के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आशीष का आरोप है कि हमलावरों ने एबीवीपी के प्रत्याशी अंकित कुमार यादव का समर्थन करने का आरोप लगाकर मारपीट की। हत्या की नीयत से गोली भी चलाई, लेकिन वह बैठ गए तो बच गए। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गोली चलने की बात गलत है। मौके से खोखा नहीं मिला है। चुनाव परिणाम आने के बाद छात्र गुटों में मारपीट हुई है। आशीष यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधर, छात्रसंघ चुनाव का परिणाम आने से पहले भी एबीवीपी और समाजवादी छात्र सभा के प्रत्याशी और समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। उस दौरान पुलिस ने लाठी भांज कर दोनों गुटों को तितर-बितर कर दिया था, लेकिन देर शाम परिणाम घोषित होने के बाद हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थक आक्रोशित हो गए। इसके बाद आशीष यादव के घर में घुसकर मारपीट की गई।
आशीष निर्वाचित अध्यक्ष अंकित कुमार सिंह के पड़ोस में रहते हैं। चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बाद आशीष यादव ने सोशल मीडिया पर आशीष की जीत की पोस्ट को अपलोड किया था। इस बात की जानकारी होते ही दूसरे गुट के छात्र आशीष के घर पहुंचे और मारपीट करने लगे।