वाराणसी स्थित हरिश्चंद्र महाविद्यालय ने ई-शिक्षा के लिए गूगल से करार किया है। ऑनलाइन शिक्षा में बेहतर करने के लिए महाविद्यालय ने यह कदम उठाया है। प्राचार्य डॉ. अनिल प्रताप सिंह ने बताया कि महाविद्यालय ने ई-शिक्षा की ओर एक कदम बढ़ाते हुये गूगल से करार किया है। इसके बाद महाविद्यालय संबंधित सभी कार्य डिजिटल होंगे।
करार होने के बाद आठ हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं तथा सभी शिक्षक गूगल के मूल्यवान फीचर्स का प्रयोग कर सकेंगे। अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में हरिश्चंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय को यह गौरव प्राप्त हुआ है कि गूगल के साथ मिलकर शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिपूर्ण कार्य कर सकें।
इस करार में डॉ. आनंद कुमार द्विवेदी, डॉ. संजय श्रीवास्तव तथा डॉ. दर्शन शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। छात्र अब गूगल पर उपलब्ध कई तरह के ई-कंटेंट एक्सेस कर सकेंगे। महाविद्यालय ने सभी सात संकायों के वर्चुअल कंटेंट अपलोड कर रखे हैं।