वहीं विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में अब गोल्ड मेडल की संख्या 57 होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा 15 अध्यापकों के स्थायीकरण, वित्त समिति व विद्या परिषद की संस्तुतियों को भी कार्यपरिषद में मंजूरी मिल गई है। कार्यपरिषद ने संबद्ध महाविद्यालयों की संबद्धता नियमानुसार पूरा कर लेने के उपरांत अनुमोदन प्रदान किया ।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना महामारी के कारण इस बार कई कालेजों ने संबद्धता के विस्तारीकरण में विलंब कराया है। ऐसे महाविद्यालयों को इस वर्ष अर्थदंड से मुक्त कर दिया गया है। अगले वर्ष से विलंब होने पर बतौर अर्थदंड कालेजों को पचास हजार रुपये जमा करना होगा।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय के सामने पार्क में भारतरत्न डॉ. भगवानदास की मूर्ति करीब एक दशक पहले चोरी हो गई थी। कार्य परिषद ने इस स्थान पर नई प्रतिमा लगाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
स्नातक में ओवरऑल सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी को हर प्रसाद के नाम पर स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। हर प्रसाद राष्ट्ररत्न बाबू शिव प्रसाद गुप्त के छोटे भाई थे। उनका निधन बाल्यावस्था में ही हो गया था। बाबू शिव प्रसाद ने काशी विद्यापीठ को संचालित करने के लिए छोटे भाई के नाम से ही ट्रस्ट बनाया था। यही नहीं उन्होंने भाई की आधी संपत्ति (करीब बीस लाख रुपये) हर प्रसाद ट्रस्ट को दान कर दी थी ताकि प्रतिवर्ष उसके 40 हजार रुपये के ब्याज से संस्था का संचालन हो सके।