ज्ञानवापी परिसर में व्यासजी के तहखाने में पूजा का अधिकार मिलने के बाद हिंदू पक्ष के लोगों में हर्ष का माहौल है। वहीं फैसला आने के साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर के पास लगे साइन बोर्ड में कुछेक लोगों ने ज्ञानवापी मंदिर का स्टीकर चिपका दिया था। जिसे देर रात हटाया गया।
व्यासजी के तहखाना प्रकरण में अदालत का आदेश आने के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के समीप लगे मार्ग संकेतक बोर्ड पर कुछेक लोगों ने ज्ञानवापी मंदिर का स्टीकर चिपका दिया। उसे पुलिस और प्रशासन की टीम ने बुधवार की देर रात पुनः जस का तस करा दिया।
विज्ञापन
संत समिति ने किया स्वागत, बोले- विजय का पहला कदम
व्यासजी के तहखाने में पूजा के अधिकार के फैसला का अखिल भारतीय संत समिति ने स्वागत किया है। संत समिति के महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि तहखाने को नियमित पूजा-पाठ के लिए खोल दिया जाना हिंदू समाज की विजय का पहला कदम है। सत्य की जीत हुई है। इस तहखाने का स्वामित्व पहले सोमनाथ व्यास परिवार के पास ही था।
विज्ञापन
महामंत्री ने कहा कि पंडित सोमनाथ व्यास के परिवार को यह तहखाना महानिर्वाणी अखाड़े के नागा साधुओं ने युद्ध में जीतकर ताम्रपत्र पर लिखकर दान किया था। तहखाने के लिए सबसे पहला मुकदमा सोमनाथ व्यास, हरिहर पांडेय व रामरंग शर्मा ने दाखिल किया था। अब सभी वादी पक्ष के लोगों के निधन होने के बाद उनके परिजनों ने कोर्ट से निवेदन किया कि वह इसकी देखरेख की जिम्मेदारी वाराणसी जिलाधिकारी को दें। अब कोर्ट ने आदेश दिया है।
हैशटैग वाराणसी कोर्ट और मिला पूजा... एक्स के टॉप ट्रेंड में
ज्ञानवापी स्थित व्यासजी के तहखाने से संबंधित प्रकरण में अदालत का आदेश सोशल मीडिया पर भी सुर्खियों में रहा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के टॉप ट्रेंड में यह मामला रहा। रात 10 बजे तक हैशटैग वाराणसी कोर्ट को लेकर 12 हजार से ज्यादा पोस्ट किए गए। वहीं, हैशटैग मिला पूजा को लेकर 20 हजार से ज्यादा पोस्ट किए गए। इसके अलावा भी सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफॉर्म पर अदालत के आदेश के पक्ष में लोग खुशियां जताते देखे गए। वहीं, कई ऐसे भी रहे जिन्होंने अदालत के आदेश को गलत बताया।