यूपी के बलिया जिले के तिर नई खिजीरपुर गांव में शुक्रवार को मोबाइल से गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में विदेशी (60) की मौत हो गई, दोनों पक्षों के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज करने के बाद 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
तिरनई खिजीरपुर ग्राम में एक लड़का मोबाइल से गाना बजा रहा था। गाना बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने तूल पकड़ लिया और लाठी डंडे से लैस हो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक पक्ष के विदेशी ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका पुत्र अच्छेलाल (35), अशोक (40), विशाल (15) और दूसरे पक्ष के श्रीराम (45), मोतीचंद (70), राधिका (42) और रीना (19) घायल हो गई।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां अशोक को गंभीर स्थिति के चलते रेफर कर दिया। पुलिस ने विदेशी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं अच्छेलाल की तहरीर पर मां-बेटी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।