नासिक में अंगूर की फसल खराब होने से व्यापारी मंगा रहे दक्षिण से
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। मौसम की मार से महाराष्ट्र में अंगूर की फसल खराब होने से अब पहड़िया मंडी में बंगलुरू से अंगूर आ रहा है। जबकि लीची की आवक बंगाल से हो रही है। लीची 170 से 200 रुपये किलो बिक रही है।
अंगूर उत्पाद के प्रमुख केंद्र महाराष्ट्र के सोलापुर और नासिक हैं, लेकिन यहां कई बार बेमौसम बारिश हो जाने से फसल खराब हो गई है। व्यापारी संतोष सिंह और नंदलाल सोनकर ने बताया कि सोलापुर में अंगूर की फसल पूरी तरह खराब हो गई है। नासिक में जो अंगूर बचा है, वह भी यहां आने के बाद जल्द खराब हो जा रहा है। पांच साल बाद बंगलुरू से मंडी में हाइब्रिड अंगूर मंगा रहे हैं। यह नासिक के अंगूर से सस्ता भी है। थोक में 50 से 60 रुपये किलो है, जबकि नासिक का अंगूर 70 से 80 रुपये किलो है। बाजार में पश्चिम बंगाल से लीची ट्रेन से आ रही है, जो काफी महंगी है। एक सप्ताह बाद बिहार से लीची आने के बाद दाम में कमी आएगी।