प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को देखते हुए मंगलवार को शहर में ग्रैंड रिहर्सल किया गया। हेलीकाप्टर की ट्रायल लैंडिंग हुई और आलाधिकारियों ने डीरेका मैदान में चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया।
बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री को लाने वाले हेलीकाप्टर ने वहां से उड़ान भरी और डीरेका मैदान के पास ट्रायल लैंडिग की। वहीं कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने बैरिकेडिंग, मंच और तैयारियों का निरीक्षण किया।
डीरेका मैदान हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है और सुरक्षा के लिहाज से तैयारियों पर पूरी नजर रखी जा रही है। बुधवार को पीएम मोदी की डमी फ्लीट का बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर डीरेका होते हुए बीएचयू तक रिहर्सल होगा।
इससे पहले सोमवार को एसपीजी के आईजी एसएस श्रीवास्तव की अगुवाई में टीम ने बाबतपुर एयरपोर्ट, स्वतंत्रता भवन और डीरेका मैदान का निरीक्षण किया और बैठक की। डीरेका मैदान में 27420 कुर्सियां लगाई जाएंगी। मैदान के चारों तरफ ब्यू कटर लगाने का काम शुरू हो गया है।
मैदान में छह गेट बनाए गए हैं जिनमें से एक से वीवीआईपी, एक से पुलिस-प्रशासन के अधिकारी व मीडिया और बाकी चार से बीजेपी कार्यकर्ताओं का आना-जाना होगा। पीएम मोदी जिस मंच से संबोधित करेेंगे, उसके पीछे इंटरनेट सहित अन्य अत्याधुनिक सुविधाओें से लैस सेफ हाउस बनाया जा रहा है।
जिस गेट से पीएम मोदी डीरेका मैदान में प्रवेश करेंगे उसे तोड़कर उसकी चौड़ाई 18 फीट कर दी गई है। वहीं, मंच और आयोजन स्थल की निगरानी के लिए एसपीजी की मॉनीटरिंग में फोर्स मुस्तैद कर दी गई है।
22 दिसंबर तक रोजाना तीन बार होगी चेकिंग
तैयारियों का निरीक्षण करते आलाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि डीरेका मैदान में पीएम मोदी मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच जाएंगे। इसके लिए अर्द्धचंद्राकार गैलरी बनाई जा रही है। बीजेपी नेताओं का कहना था कि इस गैलरी की चौड़ाई 15 फीट हो जबकि पुलिस अधिकारी इसे 18 फीट करना चाह रहे थे।
सहमति न बनने पर आईजी जोन एसके भगत ने शनिवार को काम रुकवा दिया था और कहा था कि अब एसपीजी ही इस पर फैसला लेगी। शनिवार को पुलिस अधिकारियोें की बात को सुरक्षा दृष्टिकोण से सही ठहराते हुए एसपीजी ने काम शुरू करा दिया।
डीरेका से बीएचयू तक प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से जाएंगे या सड़क मार्ग से, इस पर मंगलवार को निर्णय लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने कहा कि हम दोनों विकल्पों के लिए तैयार हैं।
बता देें कि सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी उप निर्वाचन आयुक्त की बैठक में व्यस्त थे। पीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर मंगलवार को बैठक होगी।
पीएम आगमन के मद्देनजर डीरेका स्थित दोनों खेल मैदान की रोजाना सुबह, दोपहर और शाम होगी। एसएसपी नितिन तिवारी ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को ताकीद की है कि दिन में तीन बार दोनों मैदान की चेकिंग की जाए।
इसके साथ ही खुफिया एजेंसियाें ने डीरेका और बीएचयू परिसर में अपना जाल बिछा दिया है। वहीं, डीरेका के जिस मैदान में पीएम मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे उसके आसपास की ऊंची बिल्डिंगें वाच टॉवर बनाने और रूफ टॉप फोर्स तैनात करने के लिए चिह्नित की गई हैं।