मॉक पार्लियामेंट में विद्यार्थियों ने उठाया अधिकार और सुरक्षा का मुद्दा
बीएचयू मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में आयोजित काशी यूथ समिट : मॉक पार्लियामेंट में विद्यार्थियों ने अधिकार और सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, नेतृत्व क्षमता आदि के बारे में जानकारी दी गई।
कला संकाय के भाषा विज्ञान विभाग की ओर से हुए कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करना लोकतंत्र के मूल आधारों में से एक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र विचारों की विविधता का सम्मान करता है। मॉक पार्लियामेंट जैसे आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल का विकास करते हैं, जो किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने कहा कि समसामयिक विषयों पर युवाओं के बीच गंभीर और रचनात्मक विमर्श समय की आवश्यकता है। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने मॉक पार्लियामेंट के लिए चयनित विषय वर्तमान समय के अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रासंगिक मुद्दों से जुड़े हैं। प्रो. अभिनव कुमार मिश्र, सौम्या शुक्ला मौजूद रहे।