वाराणसी के चोलापुर थाने से सरकारी लकड़ी गायब होने की शिकायत पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित अन्य से की है। आरोप है कि लकड़ियों से बैरक में चौकी बनने के बजाय थानेदार ने अपने घर का फर्नीचर बनवा लिया। अमिताभ ठाकुर ने शिकायती पत्र में कहा कि सरकारी लकड़ी का वर्तमान थानाध्यक्ष द्वारा अनुचित उपयोग के आरोप की जांच की जाए।
पुलिस कमिश्नर वाराणसी सहित अन्य को भेजी अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि उन्हें दी जानकारी के अनुसार थाना चोलापुर में सिपाही अशोक यादव द्वारा अगस्त 2020 के आसपास थाना परिसर के कुल 10 इमारती लकड़ी वाले वृक्षों की कटाई कराई गई।
ठेकेदार लकड़हारा असलम को तीन पेड़ मजदूरी में दिए गए। बचे सात पेड़ से कुल 32 तख्ते बैरक में रखने के लिए बनाए जाने थे। इन पेड़ों में एक कटहल और छह चिलबिल के पेड़ बताए गए हैं।
पेड़ों को कटवाने के बाद इन्हें लिखापढ़ी में थाने के दीवान को चार्ज में दिया गया था।