UP News: आजमगढ़ जिले में बिजली विभाग ने बकाया वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सरकारी विभागों पर जहां 20 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है, वहीं सामान्य उपभोक्ताओं पर 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी चल रही है। बकाया राशि की वसूली के लिए राजस्व वसूली अभियान और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए निगम द्वारा ‘ऑपरेशन जीरो थेफ्ट’ चलाया जा रहा है।
शुक्रवार को अधिशासी अभियंता (शहर) राजकुमार सिंह ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया है, उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 300 से 400 बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए जा रहे हैं।