आजमगढ़। जनपद में आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड निर्माण और लाभार्थियों के इलाज में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत कुल 3,96,250 लक्षित परिवारों में से 3,50,778 परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो 88.52 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाता है।
सदस्य स्तर पर भी स्थिति संतोषजनक रही है। कुल 19,91,721 लक्षित सदस्यों में से 13,38,842 सदस्यों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो 67.2 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ जनपद को राज्य स्तर पर गोल्डन कार्ड निर्माण में 22वां स्थान प्राप्त हुआ है।
वहीं इलाज करवाने वालों की संख्या के आधार पर जनपद को राज्य में 37वां स्थान मिला है। विशेष अभियान (15 जनवरी से 29 अप्रैल) के दौरान 1,34,514 नए गोल्डन कार्ड बनाए गए।
इलाज से जुड़े आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक 1,98,477 लाभार्थियों को अस्पतालों में भर्ती कर उपचार के लिए प्री-ऑथ जारी किया गया, जिसकी कुल राशि 295.81 करोड़ रुपये रही।
वहीं 1,89,431 लाभार्थियों के इलाज के क्लेम सबमिट किए गए, जिनकी कुल राशि 270.97 करोड़ रुपये है। इन क्लेम्स के सापेक्ष 1,77,980 क्लेम स्वीकृत किए गए, जिनके तहत अस्पतालों को 232 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
जबकि 16,981 क्लेम अस्वीकृत हुए, जिनकी राशि लगभग 17 करोड़ रुपये रही।