फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्या का मामलाः छात्रा पर किए गए थे दर्जनों वार, कमरा बयां कर रहा था दरिंदों की हैवानियत

Sun, 23 Sep 2018 09:49 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
घटनास्थल की तस्वीर - फोटो : file photo
विज्ञापन
बनारस के रोहनिया थाना क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय पांचवीं की छात्रा के गर्दन, चेहरे और सिर पर 18 से 21 वार किए गए थे। छात्रा पर वार मांस काटने में प्रयुक्त होने वाले धारदार औजार और पत्थर से किया गया था।
विज्ञापन


छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है और जांच के लिए स्लाइड को फोरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है। वारदात को अंजाम देने में एक आरोपी की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। शुक्रवार को पुलिस को मिली छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह बातें सामने आईं।

उधर, वारदात की तफ्तीश में जुटी क्राइम ब्रांच की टीम ने गांव निवासी पिता व उसके दो पुत्रों सहित आसपास के 16 लोगों से पूछताछ की जिनमें से छात्रा के घर आने-जाने वाले चार करीबियों पर शक गहराया है।

 

चारों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही छात्रा की मां की मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। घटनास्थल से कुछ दूर स्थित देशी शराब ठेका पर नियमित आने-जाने वालों की टोह लेने में भी पुलिस जुटी हुई थी।

 

छात्रा का एक कमरे का मकान हत्यारे की दरिंदगी को बयां कर रहा है। कमरे की दीवार, बर्तनों और कपड़ों पर पड़ी खून की छींटे यह बता रही थी कि छात्रा बचने के लिए भागने का प्रयास की होगी लेकिन हत्यारे ने उसे घेर रखा था। मिट्टी की फर्श पर जहां छात्रा का सिर रख कर वार किया गया वहां लगभग चार इंच गहरी सिरनुमा आकृति बनी हुई थी।

विज्ञापन

 

क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि छात्रा की हत्या करने की नियत से उस पर वार किया गया था। संभवत: वो कोई ऐसा राज जानती रही होगी जो हत्यारे के लिए मुश्किल खड़ी कर देता। मुखबिरों और सर्विलांस की मदद से जल्द ही वारदात की गुत्थी सुलझाई जाएगी।

विज्ञापन

नेताओं की लगी रही आवाजाही, हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग

छात्रा के घर पहुंचे कई पार्टी के नेता - फोटो : amar ujala
मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग के किनारे रोहनिया थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित एक कमरे के मकान में गुरुवार की सुबह 12 वर्षीय छात्रा का शव निर्वस्त्र मिला था। छात्रा की मां के अनुसार वो बुधवार दोपहर बाद अपने मायके गई थी और गुरुवार सुबह सात बजे के लगभग घर लौट कर आई तो उसकी बेटी निर्वस्त्र मृत पड़ी हुई थी। 
 
उधर, छात्रा की मां दूसरे दिन भी अचेत पड़ी हुई थी। गांव की महिलाएं उसके चेहरे पर बार-बार पानी छिड़क कर होश में लाने का प्रयास कर रही थी लेकिन वो अरे हमरी रनिया कहते हुए बेहोश हो जा रही थी।
दोनों बेटों ने बताया कि दो दिन होने को आया मां ने एक कौर भी खाना नहीं खाया है। घर का चूल्हा न जलने के कारण दोनों बच्चों को पड़ोसियों ने खाना खिलाया। इससे पहले गुरुवार की देर शाम छात्रा का अंतिम संस्कार किया गया और उसके बड़े पापा ने मुखाग्नि दी।

छात्रा की हत्या के बाद शुक्रवार को उसके घर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की आवाजाही लगी रही। पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा भी थे।

इसके साथ ही, एसडीएम राजातालाब और उच्चाधिकारियों से बात कर प्रदेश सरकार से विभिन्न मदों से पीड़ित परिवार को 30 लाख रुपये दिलाने की मांग की। वहीं, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। भासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव और बसपा नेता लक्ष्मण राम व आरके सिंह ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें