यूपी के गाजीपुर में एक छात्रा ने प्रेमी द्वारा शादी से इंकार करने पर उसकी प्रेमिका ने खौफनाक कदम उठाया। जिससे हर कोई सकते में है। प्रेमिका के पिता को भरोसा नहीं हो रहा है कि उनकी बेटी ऐसा कुछ कर सकती है।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा का पड़ोस में रहने वाले छात्र से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस की मानें तो सोमवार की देर शाम करीब सात बजे छात्रा अपने प्रेमी से मिलने उसके घर पहुंच गई।
इस पर पड़ोस के लोगों एवं प्रेमी के परिवार वालों ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह प्रेमी से मिलने की जिद पर अड़ी रही। शोर-शराबा सुन वहां लोगों की भीड़ लग गई। इसी बीच प्रेमी आ गया। उसे देखते ही प्रेमिका ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। इस पर प्रेमी ने शादी करने से इंकार कर दिया।
इस बात से परेशान होकर छात्रा अपने घर के कमरे में पहुंची और विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इसकी जानकारी होते ही परिवार के लोग आनन-फानन में वाहन से उसे जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस द्वारा आरोपी प्रेमी के खिलाफ छात्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।