वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा स्थित लाल कुंआ क्षेत्र में मकान का एक हिस्सा (बारजा) गिरने से शादी की खुशी मातम में बदल गई। हादसे में रिश्तेदार के घर आई युवती सोनी (19) की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल है। वहीं, बारजे के नीचे खड़े पांच अन्य लोगों को मामूली चोट लगी है। घटना की जानकारी पाकर पहुंची जैतपुरा थाने की पुलिस ने सोनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ऐसे हुआ हादसा
जलालीपुरा स्थित लाल कुआं क्षेत्र निवासी मुस्लिम उस्ताद के घर बरात आई थी। घर में रिश्तेदार जुटे हुए थे। शुक्रवार की देर शाम उनके मकान के आंगन का बारजा और पटिया अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। उस दौरान आंगन में खड़ी होकर आपस में बात कर रही सोनी (19), जूलेखा बीबी (42) और नूमान (4) मलबे के नीचे दब गए।
हादसे के बाद परिवार के लोगों ने मलबे के नीचे दबी सोनी समेत अन्य सभी घायलों को निकाला और मंडलीय चिकित्सालय ले गए जहां डॉक्टरों ने सोनी को मृत घोषित कर दिया। सोनी के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इस कारण उसकी मौत हुई है। वहीं, जूलेखा और नूमान का उपचार किया जा रहा है।