जौनपुर के एक गांव में सोमवार की देर रात शौच के लिए गई किशोरी की आबरू लूटने का प्रयास किया गया। किशोरी की चीख सुनकर उसकी मां और बहन पहुंच गई थीं। उसकी आबरू तो बच गई पर घटना से आहत किशोरी ने घर पहुंचने पर शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली ।
पीड़ित किशोरी की हालत खतरे से बाहर है। बीएचयू में प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया। परिवार वाले किशोरी को लेकर घर चले आए। इधर पुलिस ने किशोरी की आबरू लूटने का प्रयास करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार की शाम गिरफ्तार कर लिया।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की देर शाम खेत की तरफ गई किशोरी के साथ नशे में धुत तीन मनबढ़ों ने जोर जबरदस्ती करने का प्रयास किया था। किशोरी की चीख सुनकर उसकी मां और बहन पहुंच गई थीं। किशोरी की मां के हाथ में हंसिया देख मनबढ़ फरार हो गए।
इससे उसकी आबरू तो बच गई पर घटना से आहत किशोरी ने घर पहुंचने पर शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली थी। उसकी चीख पुकार सुनकर लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। तब तक पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने अपनी गाड़ी से किशोरी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में उसकी हालत गंभीर देख डाक्टर ने बीएचयू रेफर कर दिया। किशोरी के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने देर रात बनपुरवा गांव के करिया यादव, अभिषेक यादव और नन्हका यादव के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास एवं छेड़खानी की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
मंगलवार की शाम तक पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सीओ सौम्या पांडेय का कहना है कि घटना के मामले में तीन लोग पकड़े गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।