अपेंडिक्स के ऑपरेशन के दौरान आंत की नस कटने से महिला की मौत मामले में झोलाछाप डॉक्टर सहित दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि ऑपरेशन के लिए डॉक्टर ने एक लाख 70 हजार रुपये वसूल किए थे।
मामला गाजीपुर जिले का है। गुरुवार को मुहम्मदाबाद कोतवाली में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। भांवरकोल थाना क्षेत्र के दहिनवर गांव निवासी पुष्पा वर्मा (47) को एक जुलाई को अपेंडिक्स की शिकायत पर डाक बंगले के पास शिव लक्ष्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर ने ऑपरेशन के दौरान पुष्पा की आंत की नस काट दी। मरीज की हालत में सुधार न होने पर अस्पताल संचालक ने अपनी गाड़ी से नौ जुलाई को वाराणसी के सौरभ सर्जिकल सेंटर ले जाकर दोबारा ऑपरेशन कराया।
बावजूद इसके हालत में सुधार न होने पर वाराणसी के तीसरे अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। वहां के डॉक्टर ने कहा कि आंत की नस कट जाने से हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। यहां 26 जुलाई को पुष्पा वर्मा की मौत हो गई।
तब घर वाले शव लेकर बुधवार की शाम शिव लक्ष्मी हॉस्पिटल के सामने धरने पर बैठ गए। यह देख संचालक मनोज कुमार वर्मा हॉस्पिटल छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया।
गुरुवार की सुबह पुष्पा वर्मा के पुत्र शंभू की तहरीर पर पुलिस ने डॉ. मनोज कुमार वर्मा एवं वाराणसी के सौरभ सर्जिकल हॉस्पिटल के संचालक एसके गौतम के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए और इंडियन मेडिकल कौंसिल की धारा 15/3 के तहत हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।