पुलिस की शह पर जारी सट्टा, जुआ बना वारदात की वजह
- फोटो : self
वाराणसी के तीन थाना क्षेत्र पुलिस की शह पर जुआ और सट्टा के खेल के लिए कुख्यात हैं। ये थाना क्षेत्र है कोतवाली, जैतपुरा और आदमपुर। आईपीएल शुरू होते ही हर साल मोबाइल की मदद से तीनों थाना क्षेत्र में पुलिस की शह पर करोड़ों का वारा-न्यारा होता है।
सट्टा और जुआ खेलाने वाले रुपये के बंटवारे के विवाद और खुद का घाटा देख एक-दूसरे के दुश्मन बन कर कब पुलिस की मुखबिरी शुरू कर देते हैं इसका पता भी नहीं लग पाता है। यहीं से आपसी रंजिश की भी शुरुआत होती है। सोमवार को औसानगंज में संदीप यादव उर्फ सोनू की हत्या के बाद पुलिस पहुंची तो यह बातें सामने आईं। हालांकि खुद को घिरता देख पुलिस कुछ कहने की बजाय चुप्पी साधे रखी।
पढ़ेंः बनारस में दिनदहाड़े युवक की हत्या, वारदात के दौरान शहर में थे गृह मंत्री और डीजीपी
दारानगर निवासी श्रेयांस उर्फ पंडित मनबढ़ किस्म का है। पंडित और हिस्ट्रीशीटर बाले मुठभेड़ में गिरफ्तार रामबाबू यादव के करीबी हैं। पंडित के खिलाफ पार्षद मनोज के भाई के हत्या के प्रयास के आरोप में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज है।
अन्य थानों में भी उस पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। विवाद होने पर पिस्टल दिखा कर धमकाना उसके लिए आम बात है। वहीं बाले, पंडित का शरणदाता है। सोमवार को पंडित का थप्पड़ मारना और फिर सोनू का उसे खोजना वारदात की वजह बना।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पंडित ने सोनू से कहा था कि तुम खुद जुआ और सट्टा खेलाते हो लेकिन अब पुलिस की मुखबिरी भी करने लगे हो। तुम्हारे कहने पर ही मेरे धंधे को कमजोर करने के लिए घर पर पुलिस ने छापामारी की थी।
इसके साथ ही पंडित ने बकाया रुपयों का हिसाब करने को कहा तो बात बढ़ गई। उधर, इलाके के लोगों का कहना था कि यहां के बच्चे भी आईपीएल के दौरान मोबाइल से जुआ खेलते हैं। कार्रवाई की बजाय पुलिस ऐसे लोगों को संरक्षण देती है।
घनघनाने लगे थे फोन, मच गया था हड़कंप
रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को शहर में गृह मंत्री और डीजीपी की मौजूदगी के दौरान हुई हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के हाथपांव फूल गए थे। आननफानन में जैतपुरा, कोतवाली और आदमपुर थानाध्यक्ष के साथ ही एसपी सिटी, एसपी क्राइम और क्राइम ब्रांच प्रभारी भी पहुंचे।
अधिकारियों ने मौका मुआयना कर एसएसपी के साथ ही रेंज और जोन के अधिकारियों को घटना के बारे में बताया। आरोपी अभिषेक गिरफ्तार कर लिया गया तो सभी को थोड़ी राहत मिली।
किसके सहारे कटेगी जिंदगी
सोनू ने राधिका से लव मैरिज की थी और दोनों का दो साल का बेटा है। राधिका मंडलीय अस्पताल में होश में आने पर यही कह रही थी कि अब किसके सहारे जिंदगी काटेगी और कैसे उसके बेटे का पालन-पोषण होगा।
वहीं, मां लालमनी का कहना था कि पति की मौत के बाद सोनू ही सहारा था। बुढ़ापे में यह दिन आएगा, ऐसा कभी नहीं सोची थी। इलाकाई लोगों ने बताया कि सोनू क्षेत्रीय राजनीति में भी सक्रिय रहता था।