श्रम मंत्री ने गौवंश चिकित्सा वैन रवाना की
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मनरेगा मजदूर कल्याण संगठन की ओर से सोमवार को सांस्कृतिक संकुल में गौवंश चिकित्सा वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर गौ सेवा टोल फ्री नंबर 18001035307 भी जारी किया गया। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति किसी गौवंश के इलाज के लिए फोन कर सकता है। सूचना पर वैन से डॉक्टरों की टीम वहां जाएगी और इलाज करेगी।
इस मौके पर श्रम मंत्री ने कहा कि कहा कि श्रमिकों के बच्चों को शिक्षित करने के लिए प्रदेश सरकार पूरा प्रयास कर रही है। सरकार मजदूरों की समस्याओं के प्रति काफी गंभीर है।
श्रम दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 350 रुपये करने की मांग रखी। मंत्री ने कहा कि मजदूरों के न्यूनतम मजदूरी के लिए वे पीएम और सीएम से बात करेंगे।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राय ने कहा कि प्रदेश के पांच मंडलों में गौवंश चिकित्सा वैन की शुरुआत की गई है। बनारस के अलावा लखनऊ, मथुरा, इलाहाबाद और गोरखपुर में मंडल में यह सुविधा शुरू की गई है। एक साल बाद सभी जिलों में वैन की व्यवस्था की जाएगी।