बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस(आईएमएस) में चल रहे वार्षिकोत्सव के तहत दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन 22-23 मार्च को किया गया है। इस दौरान संस्थान में डॉक्टरों द्वारा बीमारियों का नि:शुल्क इलाज होगा।
मेला संयोजक प्रो. यामिनी भूषण त्रिपाठी ने बताया कि मेले में डॉक्टरों के परामर्श के आधार पर दवा भी वितरित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को इस व्यवस्था का लाभ मिल सके इसके लिए नगर आयुक्त के माध्यम से पार्षदों, आम जनता, बीएसए के माध्यम से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भेजने की अपील की गई है।
इस दौरान जांच संबंधी 70 स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिसमें मधुमेह, उक्त रक्तचाप, नेत्र रोग, हृदय रोग, मोटापा, फेफड़े की जांच, रक्त परीक्षण, ब्लड ग्रुप सहित अन्य बीमारियों की जांच की जाएगी। इसके अलावा मिर्गी सहित अन्य रोगों से बचाव के लिए बनाई गई फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सीएमओ के निर्देशन में डॉक्टरों की एक टीम भी लोगों का इलाज करेगी। औषधीय पौधों की पहचान एवं घर में दवा बनाने की विधि एवं लाभ के बारे में बताया जाएगा। संयोजक से नागरिकों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या इसमें भाग लें।