शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात मामले में पति और उसके परिजनों के खिलाफ पीड़िता ने शुक्रवार को लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। चोलापुर की रहने वाली युवती के अनुसार उसकी शादी 2011 में चंदौली के एक गांव में हुई थी। पति से संबंध टूटने के बाद गांव के ही युवक ने शादी का झांसा दिया।
इसके बाद दुष्कर्म किया। दबाव पर मंदिर में शादी की। पांडेयपुर में एक किराये के मकान में दोनों एक साथ पति और पत्नी के रूप में रहने लगे। आरोप है कि इसके बाद पति दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगा। 13 जुलाई को परिजनों संग कमरे से निर्वस्त्र कराकर निकाल दिया। ब्यूरो
केराकतपुर गांव में गुरुवार को बहन के ससुराल आए भाई और पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पीड़ित भाई की तहरीर पर चार के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। बिहार बक्सर के कृष्णापुर निवासी कैलाश गिरी के अनुसार उन्हें पता चला कि बहन सुमन को सुसराल में पति समेत अन्य सदस्यों ने पांच दिनों से बंधक बना लिया है।
इस पर पिता काशीनाथ सिंह, भाई हरिहर सिंह के साथ बहन से मुलाकात को पहुंचे तो ससुराल के लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पति शुभम गोस्वामी, ससुर राम प्रसाद, दो अन्य कल्लू व किशन ने हमला कर दिया। लाठी डंडे से वार कर लहूलुहान कर दिया। लोहता थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी के अनुसार पीड़ित भाई की तहरीर के आधार पर बहन के पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
लोहता के डीहे मुहल्ला निवासी एक महिला शुक्रवार की सुबह घर से दवा लेने के लिए निकली और लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया। पति बाबू नंद के अनुसार दवा के लिए निकली पत्नी नहीं आई तो गुमशुदगी दर्ज कराई।
धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
रोहनिया पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी मुक्खू को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार माधोपुर बालीपुर निवासी मुक्खू के खिलाफ पिछले साल धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है, इस मुकदमे में उसकी तलाश की जा रही थी।
गैंगस्टर का आरोपी गिरफ्तार
गैंगस्टर एक्ट मुकदमे में गैंग लीडर को कपसेठी पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। कपसेठी थाना प्रभारी बैधनाथ सिंह के अनुसार आरोपी शिवराम निवासी गजेपुर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।