28 जनवरी से नौकरी का नियुक्ति पत्र देने की बात कंपनी की ओर से कही गई थी। शनिवार जब सभी लोग पहुंचे तो कंपनी का ऑफिस बंद मिला और जो मोबाइल नंबर दिए गए थे वह स्विच ऑफ है। इस तरह से कंपनी ने कई बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये की ठगी की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर सिगरा राजू सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबर की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
सपा एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य और बिहार के मंत्री चंद्रशेखर द्वारा श्रीरामचरितमानस को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में मुकदमा दर्ज करने के लिए शनिवार को सारनाथ थाने में तहरीर दी गई। तिलमापुर के पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र के अनुसार दोनों नेताओं ने अपने विवादित बयानों से सनातन धर्मग्रंथों का अपमान किया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र की अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष श्याम मानव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए भी नागेश्वर मिश्र ने सारनाथ थाने में तहरीर दी है। नागेश्वर मिश्र ने कहा कि श्याम मानव ने बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर झूठे आरोप लगाकर सनातन धर्म का अपमान किया है।
जैतपुरा थाना अंतर्गत कमलगढ़हा इलाके में छत पर मिले इकराम के शव के मामले में पुलिस उसके तीन परिचितों सहित छह लोगों से पूछताछ कर रही है। इकराम की मौत कैसे हुई, इसके लिए पुलिस को उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
कमलगढ़हा क्षेत्र में रहने वाले इकराम (42) का शव शुक्रवार को मुहल्ले में ही रहने वाले उसके दोस्त मोहम्मद तौफीक के घर की छत पर मिला था। इकराम के गले में लुंगी कसी हुई थी और नाक और मुंह से खून बह रहा था। घटना की जांच में जुटी जैतपुरा थाने की पुलिस इकराम के तीन दोस्तों सहित क्षेत्र के संदिग्ध गतिविधियों वाले छह लोगों से पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी मथुरा राय ने बताया कि फिलहाल मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इकराम कैसे तौफीक की छत पर पहुंचा था। घटना की जांच जारी है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।