जैतपुरा थाना अंतर्गत ईश्वरगंगी में पूजा वर्मा (24) की शनिवार को संदिग्ध हाल में मौत हो गई। ईश्वरगंगी में पूजा का मायका था। घटना की सूचना पाकर जैतपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पूजा के परिजनों ने बताया कि साल भर पहले उसकी शादी लखरांव (भेलूपुर) निवासी विशाल के साथ हुई थी।
शादी के बाद पारिवारिक कलह के कारण करीब पांच माह पहले पूजा ने घर में रखा एसिड पी लिया था। गंभीर हाल में उसे निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ठीक होने के बाद वह कुछ दिन पहले मायके आ गई थी। शनिवार को अचानक उसकी तबीयत खराब हुई। जब तक उसे हॉस्पिटल ले जाया जाता तब तक उसकी मौत हो गई थी। जैतपुरा थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।