Varanasi News: पैसे के लेनदेन का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आयुक्त ने सख्त कार्रवाई की है। साथ ही पुलिसकर्मियों को चेताया है कि ऐसे मामले में निष्पक्ष तरीके से जांच कर कार्रवाई करें।
पैसे के लेनदेन का वीडियो वायरल होने के बाद वाराणसी के पुलिस आयुक्त ने जंसा थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस आयुक्त ने जंसा थाने का नया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह को बनाया है। सब इंस्पेक्टर बैद्यनाथ सिंह के खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही है।
विज्ञापन
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर गत दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो के अनुसार, जंसा थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह और एक सिपाही दो लोगों से पैसे के लेनदेन की बात कर रहे थे।
आरोप है कि एक बाउंड्री वॉल बनवाने के लिए जंसा थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह और सिपाही ने एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये लिए थे। किन्हीं कारणों से बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं हो पाया तो सिपाही ने पैसा देने वाले व्यक्ति को 26 हजार रुपये वापस कर दिया और 14 हजार देने से मना कर दिया। उसी के बाद वीडियो वायरल हुआ तो उसकी जांच कमिश्नरेट के गोमती जोन के एडीसीपी आकाश पटेल ने की।
विज्ञापन
उधर, इस संबंध में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सब इंस्पेक्टर बैद्यनाथ सिंह के खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही है। आगे की कार्रवाई विभागीय जांच की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।