वाराणसी सिगरा थाने के समीप हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बुधवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों की शिनाख्त लल्लापुरा निवासी मो. शाहिद, शमीम, अहमद और मोहम्मद के तौर पर हुई है।
सिगरा थानाध्यक्ष गोपालजी गुप्ता ने बताया कि चारों की गिरफ्तारी उपद्रव के दौरान की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज की मदद से की गई है।
इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी सज्जाद और उसके बेटे राजू सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बीते 16 जुलाई की रात काशी विद्यापीठ परिसर के पीछे एक धर्मस्थल के पास स्थित विवादित जमीन पर गाय बांधने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद फैलाई गई अफवाहों के चलते सैकड़ों लोग सिगरा थाने के समीप इकट्ठा हुए और पुलिस पर पथराव किया।
उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज कर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े थे। घटना को लेकर सिगरा थाने में 14 नामजद और तीन सौ से ज्यादा अज्ञात के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।