मनियर में बम धमाका होने से चार बच्चे घायल
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मनियर। थाना क्षेत्र के पीलूई गांव में बम धमाका होने से चार बच्चे बुरी तरह से घायल हो गए। परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मनियर-खेजूरी मार्ग पर पीलूई नई चट्टी के कुछ आगे पीलूई गांव में जाने वाले मार्ग के किनारे जेसीबी से मिट्टी डाली गई थी। यहां शाम करीब साढ़े छह बजे खेलते समय बच्चों को बम मिल गया। बच्चों ने उसे पटाखा समझ कर उठा लिया और जल दिया। इससे धमाका हो गया। घायल बच्चों को स्थानीय लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले गए। यहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पाकर एसपी राज करण नय्यर, क्षेत्राधिकारी बांसडीह राजेश तिवारी, थानाध्यक्ष मनियर कमलेश कुमार पटेल पहुंच गए। घायलों में बजरंगी चौहान (8) पुत्र सुभाष चौहान, गोल्डी चौहान (6) पुत्री सुभाष चौहान, विवेक चौहान (12) पुत्र ओमप्रकाश चौहान, कृष्णा चौहान (10) पुत्र राजीव चौहान निवासी पीलूई थाना मनियर शामिल हैं। पुलिस जांच कर रही है कि यह बम था या पटाखा।