महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि जंगमबाड़ी मठ ऊर्जा का केंद्र है। महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं की आस्था इस मठ से जुड़ी हुई है। उनकी मान्यता है कि जीवन में एक बार काशी स्थित जंगमबाड़ी मठ में आना ही है। आज कोई राजनीति की बातें नहीं करूंगा क्योंकि धर्म की नगरी में आया हूं।
बृहस्पतिवार को फड़नवीस का जंगमबाड़ी मठ में बटुकों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद दीप जलाकर जगद्गुरु पट्टाभिषेक महोत्सव के दूसरे दिन के आयोजन का शुभारंभ किया गया। बातचीत के दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि आज बाबा विश्वनाथ के दर्शन बड़े ही सौभाग्य से हुए। पिछली बार जब मैं आया था तो कॉरिडोर का काम चल रहा था। कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद मैं पहली बार आया हूं। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे अयोध्या जा रहे हैं और आप काशी पहुंच गए हैं के सवाल पर देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि अयोध्या तो हम हमेशा जाते हैं। किसी भी प्रकार की राजनीतिक टिप्पणी से इंकार करते हुए देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि इस वक्त मैं पवित्र धार्मिक स्थल पर मौजूद हूं। यहां टिप्पणी करना गलत होगा। काशी विश्वनाथ मंदिर को जिसने तोड़ा था आज उसकी मजार पर ओवैसी पहुंचे है और आप आज काशी विश्वनाथ दरबार में पधारे हैं क्या ये महज संयोग है। इसपर कहा कि जाकी रही भावना जैसी सो प्रभु मूरत देखी तिन तैसी...। हम अपनी-अपनी भावना के अनुसार स्थल पर पहुंचे हैं।
काशी महाराष्ट्र सेवा समिति ने किया अभिनंदन
काशी महाराष्ट्र सेवा समिति के सदस्यों ने संतोष सुलापुरकर के नेतृत्व में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस का नदेसर स्थित होटल में स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह, डॉ. माधव जनार्दन रटाटे, षडानन पाठक, मकरंद म्हसकर, विकास ओढ़ेकर रहे।