विकास मंत्रियों की बैठक में अगले सौ वर्षों में दुनिया में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विमर्श होगा। जी20 देशों के विकास मंत्री अपने-अपने देशों के विकास मॉडल प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान पिछले कुछ वर्षों में वित्तीय संकट, जलवायु परिवर्तन, महामारी, आतंकवाद और युद्ध जैसी परिस्थितियों से निपटने का खाका भी खींचा जाएगा।
वाराणसी में 11 से 13 जून तक जी-20 की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
दुनिया की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले 20 देशों के मंत्री समूह रविवार से तीन दिन तक काशी में शहरी विकास पर मंथन करेंगे। विकास मंत्रियों की बैठक में इन देशों के बीच कूटनीतिक संबंध मजबूत होगा। जी-20 देशों के विकास मंत्री अपने-अपने देशों के विकास मॉडल और तकनीक का आदान-प्रदान करेंगे। जी20 सम्मेलन के लिए शहर की साज सज्जा को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार आयोजन स्थल से लगायत रूट आदि की निगरानी कर रहे हैं।
जी-20 देशों के मेहमान 11 जून की शाम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मेहमानों का चंदन का तिलक लगाकर व विशेष अंगवस्त्रम देकर स्वागत होगा। यहां से मेहमान नदेसर स्थित तारांकित होटल पहुंचेंगे। ताज होटल में रात नौ बजे गाला डिनर होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
12 जून को सुबह दस बजे मंत्री समूह टीएफसी पहुंचेंगे। 11 बजे से बैठक शुरू होगी जो शाम पांच बजे तक चलेगी। शाम को छह बजे सभी नमो घाट पहुंचेंगे और वहां से क्रूज में सवार होकर विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती देखेंगे। 13 जून को सुबह नौ बजे मंत्री समूह सारनाथ पहुंचेंगे। यहां सुबह के नाश्ते के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगे। सारनाथ भ्रमण के बाद मेहमानों की वापसी होगी।