फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

15 तक करना था चालू, अभी डाल रहे बालू

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। 27 दिसंबर को बनारस आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौकाघाट फ्लाईओवर को 15 जनवरी तक चालू कराने का अधिकारियों को आदेश दिया था। लेकिन लापरवाही का आलम यह है कि अब तक सेतु निगम फ्लाईओवर चालू कराने की बजाय बालू डलवा रहा है। सेतु निगम को दी गई डेडलाइन आज खत्म हो गई, लेकिन अब तक दो प्रतिशत बाकी रह गया है। अब सेतु निगम का दावा है कि जनवरी के अंत तक बाकी कामों को पूरा कर लिया जाएगा और मध्य फरवरी के पहले फ्लाईओवर आम आदमी के लिए खोल दिया जाएगा।
विज्ञापन

चौकाघाट फ्लाईओवर को चालू करने की तिथि पहले भी कई बार बढ़ाई जा चुकी है। इस बार मुख्यमंत्री ने खुद निर्माण कार्यों का निरीक्षण और समीक्षा करके 15 जनवरी की तिथि तय की थी, लेकिन उसके बाद भी अधिकारियों ने निर्माण में तेजी नहीं दिखाई और अब एक बार फिर डेडलाइन बढ़ाने की नौबत है। विभाग की ओर से कैंसर अस्पताल की ओर स्लोप बनाने का काम चल रहा है। इस पर बालू डालकर समतल किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार कंक्रीट ढालने का काम पूरा हो गया है। अब केवल रेलिंग और स्लोप बनाने का कार्य रह गया है। उसको भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने तेजी दिखाते हुए रंग-रोगन का काम भी शुरू करा दिया है।
इंग्लिशिया लाइन की तरफ बाद में होगा निर्माण
फ्लाईओवर निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पहले चौकाघाट से कैंसर अस्पताल तक पुल को चालू करा दिया जाएगा। इसके बाद शेष बचे इंग्लिशिया लाइन वाले भाग का निर्माण फिर से शुरू कराया जाएगा। इसको मार्च तक पूरा करने का अधिकारी दावा कर रहे हैं। इसके बाद ही आम जनता को राहत मिलेगी।
विज्ञापन

पीडब्ल्यूडी ने शुरू किया सर्विस रोड बनाने का काम
फ्लाईओवर निर्माण अभी चल ही रहा है, इसी बीच पीडब्ल्यूडी ने सर्विस रोड का मरम्मत भी शुरू करा दिया है। कैंट स्टेशन के सामने सड़क पर बने गड्ढों को गिट्टी डालकर पाटा जा रहा है। सेतु निगम की ओर से रखे गए कबाड़ की वजह से कंपनी को सर्विस रोड बनाने में परेशानी आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद सर्विस रोड भी बना दिया जाएगा। इसके बाद कैंट के सामने लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी।
कंक्रीट का काम पूरा हो गया है लेकिन इसको सेट होने में थोड़ा समय लगाता है। इस दौरान फीनिशिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है। फ्लाईओवर मध्य फरवरी के पहले हर हाल में चालू करा दिया जाएगा। दो प्रतिशत ही काम बचा है। इस दौरान लोड टेस्टिंग भी कराया जाएगा। - दीपक गोविल, सेतु निगम के महाप्रबंधक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें