संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र। रांग साइड वाहन चलाने वालों को जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार को अनोखे अंदाज में जागरूकता अभियान चलाया गया।
एसपी अभिषेक वर्मा की अगुवाई में हाइवे किनारे चुर्क मोड़ के पास सेल्फी स्टेशन-फोटो बूथ स्थापित कर लोगों को नियमों का पालन करने और सही साइड से वाहन चलाते हुए सुरक्षित घर-परिवार तक पहुंचने की सीख दी गई। वहीं जो लोग यातायात नियमों का पालन कर चलते हुए मिले उन्हें फूल भेंट किए गए और पानी पिलाकर गर्मी से राहत दी गई।
इस दौरान रांग साइड ड्राइविंग चैंपियन, गलत साइड-हादसे की फास्ट ट्रैक टिकट, भइया... सड़क शॉर्टकट नहीं होती, गलत दिशा में गाड़ी, सही दिशा में शर्मिंदगी..., मेरी जल्दी किसी की जिंदगी से बड़ी नहीं.., जिंदगी फिल्म नहीं है..,रीटेक नहीं मिलेगा.. जैसे जागरूकता संदेशों के जरिए वाहन चालकों, राहगीरों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।
गलत तरीके से वाहन चला रहे लोगों को रोककर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। रांग साइड वाहन चलाने से हो रही दुर्घटनाओं की जानकारी देते हुए सही दिशा में वाहन चलाने, हेलमेट लगाने की सीख दी गई।
अभियान की अगुवाई कर रहे एसपी ने भी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट लगाकर बाइक चलाने, रॉंग साइड ड्राइविंग न करने की अपील की। सीओ ट्रैफिक डॉ. चारू द्विवेदी, यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य ने भी लोगों-वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया।