दो दिवसीय मंडलीय फल-फूल व सब्जियों की प्रदर्शनी 25 और 26 फरवरी को कचहरी स्थित राजकीय उद्यान कंपनीबाग में लगेगी। इसमें वाराणसी समेत जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के 500 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
उप निदेशक उद्यान जय करण सिंह ने कचहरी स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि इस बार प्रदर्शनी में फूलों से काशी विश्वनाथ धाम की आकृति बनाई जाएगी। इसके अलावा प्रदर्शनी के माध्यम से ही जी-20 का प्रचार प्रसार किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह करेंगे।
उप निदेशक ने बताया कि प्रदर्शनी में सरकारी एवं निजी संस्थाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, नेट हाउस, पॉली हाउस में संरक्षित खेती के बारे में बताया जाएगा। ड्रैगन फ्रूट, गुलाब, मौसमी फूल, डहेलिया, सदाबहार पत्ती वाले पौधे, शादी के मंडप, बोनसाई और कैक्टस के अलग-अलग प्रजातियों के पौधे प्रदर्शनी में शामिल होंगे।