Flood in UP: वाराणसी में गंगा के साथ उसकी सहायक नदी वरुणा का पानी भी लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग ने जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई है। वहीं, आबादी क्षेत्र में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
Flood in Varanasi: गंगा के जलस्तर में फिलहाल ठहराव या कमी आने के आसार नहीं हैं। केंद्रीय जल आयोग ने भी अगले 24 घंटे तक गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के ही संकेत दिए हैं। उधर, गंगा बैराज से डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो चार दिन में बनारस पहुंच जाएगा। गंगा का जलस्तर रात आठ बजे 72.11 मीटर पहुंच चुका था।
विज्ञापन
सोमवार को दिन भर गंगा के जलस्तर में आधा सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही थी और शाम छह बजे तक जारी रही। इसके बाद शाम को सात बजे से गंगा के जलस्तर में एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी शुरू हो गई। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा के जलस्तर में 28 जुलाई से बढ़ोतरी शुरू हुई और यह खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। आठ दिनों में गंगा के जलस्तर में 4.84 मीटर की बढ़ोतरी हुई है।
गंगा बैराज कानपुर से सोमवार को पानी छोड़ा गया है और विशेषज्ञों का कहना है कि इसका असर चार दिन में नजर आएगा। गंगा बैराज से पानी आने के बाद जलस्तर में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है। बलिया में गंगा खतरे के निशान 57.61 मीटर से ऊपर 59.61 मीटर पर, मिर्जापुर में गंगा खतरे के निशान 77.72 से ऊपर 78.37 मीटर पर और गाजीपुर में गंगा खतरे के निशान 63.10 मीटर से ऊपर 64.35 मीटर पर बह रही हैं।