रोहनिया थाने से अलग राजातालाब चौकी को नया थाना बनाने की तैयारी है। इसके लिए राजातालाब में 0.190 हेक्टेयर जमीन है। लंका थाने से अलग चितईपुर चौकी को नया थाना बनाने की तैयारी है। इसके लिए सुसुवाही में 0.200 हेक्टेयर जमीन है। चौबेपुर थाने से अलग जाल्हूपुर चौकी को नया थाना बनाने की तैयारी है। इसके लिए 0.120 हेक्टेयर जमीन है। सिगरा थाने से अलग कर कैंट रोडवेज चौकी और भेलूपुर थाने से अलग कर बजरडीहा चौकी को नया थाना बनाने की तैयारी है। कैंट रोडवेज और बजरडीहा थाने के लिए फिलहाल जमीन तलाशी जा रही है। इसके साथ ही जिले भर में 30 नई पुलिस चौकियां खोली जाएंगी। अपर मुख्य सचिव गृह ने इस काम में पुलिस की मदद के लिए जिला प्रशासन को भी लगाया है और कहा है कि नई चौकियों-थानों के लिए जमीन की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। गौरतलब है कि जिले में फिलहाल 28 थाने और 89 पुलिस चौकियां हैं। इन सबके अलावा पर्यटन थाना भी जल्द ही प्रभावी तरीके से काम करना शुरू करेगा। इस संबंध में भी जल्द कार्ययोजना भेजने के लिए अपर मुख्य सचिव गृह ने एसएसपी को कहा है।
छह थानों और पुलिस लाइन के नौ भवनों का होगा जीर्णोद्धार
जिले के जर्जर भवनों वाले छह थानों और पुलिस लाइन के नौ भवनों के जीर्णोद्धार का काम भी जल्द ही शुरू किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव गृह के निर्देश के आधार पर रोहनिया, रामनगर, आदमपुर, चेतगंज, लंका और चौबेपुर थाने के प्रशासनिक भवन के साथ ही पुलिस लाइन के नौ भवनों के जीर्णोद्धार का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
इस संदर्भ में वाराणसी के एसएसपी अमित पाठक ने कहा कि अपर मुख्य सचिव गृह के निर्देश के आधार पर नए थानों और चौकियों की स्थापना के अलावा महकमे से जुड़े जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार के लिए जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। शांति और कानून व्यवस्था के साथ ही स्मार्ट पुलिसिंग के लिहाज से यह प्रयास बेहद ही प्रभावकारी साबित होगा।