लखनऊ में आयोजित इंवेस्टर्स समिट में देश के प्रतिष्ठित उद्यमियों ने पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उद्योग, पर्यटन के लिए दिल खोलकर निवेश करने की घोषणा की है। इससे न सिर्फ पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार और विकास के पथ पर भी बनारस आगे होगा।
नीरा वाडिया ने काशी में पांच सौ बेड के अस्पताल के लिए 650 करोड़ निवेश करने की घोषणा की है। इससे उद्यमी और कारोबारी खुश है कि अब वाराणसी सहित पूर्वांचल में बड़े उद्यमियों ने कदम बढ़ाया है। वहीं पर्यटन के लिहाज से विंध्याचल और वाराणसी को केंद्र बनाया जाएगा।
महिंद्रा ने दोनों शहरों के बीच 200 रिसार्ट खोलने का वादा किया है। इससे पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा टाटा की आईटी क्षेत्र की कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज की एक नई शाखा काशी में खुलेगी।
वहीं मुकेश अंबानी ने नमामि गंगे के तहत गंगा सफाई के लिए निवेश का भरोसा दिलाया है। समिट में शामिल होने गए उद्यमी राजेश कुमार भाटिया का कहना है कि इन प्रतिष्ठित उद्यमियों ने पूर्वांचल सहित वाराणसी को एक नई उम्मीद दी है।