पुलिस ने एक जिंदा बम बरामद किया
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में भुवालापट्टी गांव के पास शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे चुनावी रंजिश में टीडी कॉलेज के छात्रनेता आकाश सिंह पर बम फेंका गया और फायरिंग की गई। हालांकि छात्रनेता बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मौके से एक सुतली बम बरामद किया। मामले में दो नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राणघातक हमले के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया।
गद्दीपुर गांव निवासी एवं टीडी कॉलेज के छात्रनेता आकाश सिंह शुक्रवार को करीब 11 बजे बाइक से जौनपर शहर आ रहे थे। भुआलापट्टी गांव के पास कुछ लोगों ने चलती बाइक पर बम फेंक दिया और फायरिंग भी की। छात्रनेता ने किसी तरह भागकर जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।
लाइन बाजार और जफराबाद पुलिस पहुंची। लाइन बाजार पुलिस ने मौके से सुतली बम बरामद किया। हालांकि हमलावर फरार हो चुके थे। आकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नेवादा गांव निवासी गोलू यादव और कुद्दूपुर गांव निवासी वीरेंद्र यादव और कुछ अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।
उधर, घटना को लेकर दोनों थाने की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। जफराबाद पुलिस का दावा है कि घटना हरसिंहपट्टी गांव में हुई है, जो लाइनबाजार थाने में आता है। जबकि लाइन बाजार थाने की पुलिस दावा करती रही कि घटना भुआलापट्टी गांव में हुई है, जो जफराबाद थाना क्षेत्र में है। बहरहाल जफराबाद पुलिस ने केस दर्ज किया। सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है कि टीडी कॉलेज में पूर्व में हुए चुनाव की रंजिश को लेकर घटना हुई है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।