यूपी के जौनपुर जिले का स्मैला गांव मंगलवार शाम गोलियों की गड़गड़ाहट से थर्रा उठा। छह बाइक पर सवार पहुंचे दस से अधिक बदमाशों ने गोली मारकर दो छात्रों को घायल कर दिया। फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के ललकारने पर बदमाश फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे कॉलेज में छात्र गुटों के बीच विवाद बताया जा रहा है।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के कुद्दूपुर स्मैला निवासी करुणाकर ओझा (22) और उनका भांजा शुभम मिश्र टीडी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र हैं। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे दोनों घर के समीप सड़क पर मौजूद थे। तभी करीब छह बाइकों पर सवार होकर दस से अधिक बदमाश पहुंचे और करुणाकर और शुभम की पिटाई शुरू कर दी।
इस दौरान हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग भी की और गोली लगने से शुभम और करुणाकर घायल हो गए। करुणाकर को दायें पैर और शुभम के बाएं पैर में गोली लगी है। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में दहशत फैल गई। गांव के लोगों ने ललकारा तो बदमाश फरार हो गए।
गोली लगने से घायल दोनों युवक गिरकर तड़पने लगे। परिजनों पुलिस को सूचना देने के बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है कि कुछ दिन पहले कॉलेज में हुए विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। पीड़ित की ओर से पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर लिया जाएगा।