वाराणसी कैंट स्टेशन की पार्किंग में आग की घटना की जांच एडीआरएम करेंगे। पांच दिन पूर्व भी स्टेशन मास्टर की बाइक में इसी तरह आग लगी थी। ऐसे में आग की इतनी बड़ी घटना शॉर्ट सर्किट है या कोई साजिश है इसकी जांच होगी।
वाराणसी कैंट स्टेशन की पार्किंग में आग की भेंट चढ़े 203 दुपहिया की जांच एडीआरएम करेंगें। शॉर्ट सर्किट या साजिश दोनों पहलुओं की जांच हो रही है। रेल कर्मियों के अनुसार रात पौने दस बजे भी एक बाइक में आग लगी। पांच दिन पूर्व पावर केबिन के पास बाइक जल गई। इसलिए रेलवे सुरक्षा तंत्र इसकी प्रकरण की तह तक जांच कर रही है। कंट्रोल रूम से सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डीआरएम एसएम शर्मा ने बताया कि एडीआरएम के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की गई है, 24 घंटे के अंदर में रिपोर्ट देंगे।
विज्ञापन
रेल अधिकारियों ने बताया कि पावर केबिन, रनिंग रूम और डीजल शेड के अलावा अन्य आवाजाही वाले पार्किंग स्थलों को सीसी कैमरे से लैस किया जाएगा। आग से बचाव के उपकरण आदि व्यवस्थाएं की जाएंगी। सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य पार्किंग स्थलों की आरपीएफ और जीआरपी ने शनिवार की रात चेकिंग अभियान चलाया।
आग में 25 बुलेट और 50 से अधिक स्कूटी भी जली
आग की लपटों में 25 बुलेट जलकर नष्ट हो गईं। इसमें जावा, रॉयल इनफिल्ड की क्लासिक समेत अन्य महंगी बुलेट शामिल रही। 50 से ज्यादा स्कूटी जली है। अन्य सभी बाइक जलकर नष्ट हुए हैं। मुआवजा की मांग को लेकर यूनियन नेताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया।