श्री काशी विश्वनाथ धाम के गर्भ गृह के पूर्वी द्वार के ऊपर बने झरोखे में बिजली के तार में गुरुवार की अलसुबह आग लग गई। धाम में मौजूद तीन दमकल कर्मियों ने दो अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। आग लगने के कारण लगभग एक घंटे तक स्पर्श दर्शन बाधित रहा।
विश्वनाथ धाम में मंगला आरती के बाद गर्भ गृह में श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हुआ था। सुबह लगभग 4:34 बजे गर्भ गृह के पूर्वी द्वार के ऊपर बने झरोखे में बिजली के तार में आग लग गई।
विज्ञापन
गर्भ गृह में मौजूद दमकल कर्मी कमलाकांत पांडेय और सूरज कुमार यादव ने पश्चिमी गेट के पास उपलब्ध अग्निशमन यंत्र की मदद से बैरिकेडिंग पर चढ़कर आग पर काबू पाना शुरू किया। इस बीच दमकल कर्मी आनंद कुमार मिश्रा एक और अग्निशमन यंत्र ले आए। दोनों अग्निशमन यंत्र की मदद से थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
इस दौरान एहतियातन धाम परिसर की बिजली काट दी गई थी। साथ ही श्रद्धालुओं को एक किनारे कर दिया गया था। आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने चेक किया कि गर्भ गृह के अंदर के बिजली के तार पूरी तरह सुरक्षित हैं या नहीं। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई और दर्शन-पूजन का क्रम दोबारा शुरू हुआ।
क्या बोले अधिकारी
आग से सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। दोबारा ऐसी घटना न हो, यह हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा। -विश्व भूषण मिश्रा, सीईओ, विश्वनाथ धाम