फेसबुक पर काशी विकास समिति कम्युनिटी पेज से विवादित पोस्ट और आपत्तिजनक वीडियो के मामले में बनारस के कैंट थाने में रविवार को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर एसपी क्राइम की ओर से कराई गई है।
इसके साथ ही एसएसपी ने क्राइम ब्रांच की सर्विलांस सेल को हिदायत दी है कि विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न होने पाएं। वहीं, विवादित और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले को चिह्नित कर गिरफ्तार करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के रेड जोन में गुरुवार की रात दीवार टूटने के बाद बिगड़े माहौल का वीडियो बनाकर फेसबुक पर काशी विकास समिति कम्युनिटी पेज द्वारा शुक्रवार रात 12:37 बजे पोस्ट किया गया। इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग के साथ ही माहौल बिगाड़ने वाली विवादित बातें कहीं गई हैं।
रविवार को इससे संबंधित समाचार ‘अमर उजाला’ ने प्रकाशित किया तो पुलिस-प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। तब तक इस वीडियो को सात हजार से ज्यादा फेसबुक यूजर्स देख चुके थे और 193 लोग इसका लिंक शेयर कर चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसपी क्राइम को जांच सौंपी।