यार्ड रीमॉडलिग के जरिये कैंट रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की तैयारी करीब पूरी कर ली गई है। जुलाई से इसका काम चालू हो जाएगा। इसके तहत ट्रेनों के संचालन के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ाई जाएगी, नए प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे। वाहनों के लिए अलग-अलग स्टैंड भी बनेंगे। सोमवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद उत्तर रेलवे, लखनऊ के डीआरएम एके लाहोटी ने पत्रकारों को यह जानकारी दी।
डीआरएम ने बताया कि यार्ड रिमाडलिंग का नक्सा तैयार कर लिया गया है। टेंडर के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। इसके तहत यार्ड का विस्तार मालगोदाम तक होगा और प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ाई जाएगी। इससे आउटर पर ट्रेनों के घंटों रुकने की समस्या खत्म हो जाएगी। इसके अलावा पूछताछ केंद्र को अपग्रेड किया जाएगा। इंग्लिशिया लाइन की ओर से यात्रियों के लिए प्रवेश द्वार होगा और रोडवेज के पास निकास द्वार का निर्माण कराया जाएगा। दूसरे चरण में सभी प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग स्टैंड बनाए जाएंगे। कहा टिकट वेंडिंग मशीन को जल्द चालू किया जाएगा। सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार का काम जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक एके पुठिया 13 अप्रैल को अधिकारी अतिथि गृह का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने रेलवे कालोनियों में बिजली कटौती की समस्या को दूर करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, अधिकारी अतिथि गृह, प्रतीक्षालय, पूछताछ केंद्र का निरीक्षण किया। कई नल खराब मिलने और दीवारों पर गंदगी देख अधिकारियों को चेताया और तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।