एसएसपी बोले, गिरफ्तारी के संबंध में जापानी दूतावास को देंगे जानकारी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी घूमने आए जापानी पर्यटक को लूटने वाला फर्जी टूरिस्ट गाइड रविवार को पुलिस की पकड़ में आ गया। जापानी पर्यटक अकीहीरो टनाका से लूटपाट के आरोपी बिहार के दरभंगा निवासी फर्जी टूरिस्ट गाइड अयाज अहमद को दशाश्वमेध से पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से एक कैमरा, तीन मोबाइल, जापानी मुद्रा सहित 14500 रुपये, नशीला पाउडर, आधार व पेन कार्ड बरामद कर पुलिस ने जेल भेज दिया। पांचवीं पास पेशे से टेलर अयाज की गिरफ्तारी सीसीटीवी कैमरों में कैद उसकी तस्वीरों की मदद से की गई है। अयाज की गिरफ्तारी के संबंध में नई दिल्ली स्थित दूतावास को जिला पुलिस की ओर से जानकारी दी जाएगी।
पढ़ेंः
यूपी में नहीं सुरक्षित विदेशी सैलानी, बनारस में फर्जी गाइड ने जापानी पर्यटक को मुश्किल में डाला
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि 13 दिसंबर 2017 को सिगरा थाने में जापानी पर्यटक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट का मामला दर्ज किया गया था। तफ्तीश में लगे सीओ चेतगंज सत्येंद्र तिवारी के नेतृत्व में सिगरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने दशाश्वमेध घाट और गोदौलिया की दुकानों की सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा की थी।
रविवार को पता लगा कि सीसीटीवी फुटेज में कैद फर्जी टूरिस्ट गाइड अयाज अहमद दशाश्वमेध क्षेत्र में मौजूद है तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अयाज ने बताया कि वह बनारस, मुंबई, दिल्ली सहित अन्य बड़े शहरों में घूम कर विदेशी पर्यटकों को निशाना बनाता है। बीते 13 दिसंबर को जापानी पर्यटक उसे दशाश्वमेध घाट पर मिला।
14 हजार रुपये, तीन मोबाइल, कैमरा, नशीला पाउडर और कागजात बरामद
खुद को टूरिस्ट गाइड बताकर उसने पर्यटक के साथ दोस्ती की और गंगा में नाव से घूमने के बाद दोनों सारनाथ गए। इसके बाद दोनों सारनाथ से वापस आए और दशाश्वमेध घाट पर शराब पी। इसी दौरान अयाज ने पर्यटक की ग्लास में नशीला पदार्थ डाल दिया।
इसके बाद दोनों गोदौलिया आए और रिक्शा पर बैठे। जापानी पर्यटक जब बेहोश होने लगा तो वह उसका सामान लेकर भाग निकला। अयाज ने बताया कि उसने अब तक सिर्फ अकेले घूमने वाले पर्यटकों को निशाना बनाया है।
अकेले घूमने वाले पर्यटकों को फेसबुक पर विदेशियों के साथ खिंचाई गई फोटो को दिखाकर खुद के टूरिस्ट गाइड होने का विश्वास दिलाता है। जब विदेशी पर्यटक उस पर विश्वास कर लेते हैं तो उन्हें शराब पीने का ऑफर देता है और नशीला पदार्थ मिलाकर लूटपाट करता है।
अयाज ने बताया कि वह पहली बार पकड़ा गया है। उसे यकीन नहीं था कि उसकी फोटो सीसीटीवी कैमरे में कैद होगी।