बीएचयू से जुड़े लोगों पर हो सकता है अहम फैसला
अस्पताल में टेंडर में गड़बड़ी मामले में पांच लोगों में अस्पताल के जिन तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है उसमें अस्पताल के एमएस प्रो.कैलाश कुमार, रेडियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो.एएनडी द्विवेदी, उपकुलसचिव रश्मि रंजन का नाम शामिल है। तीनों लोग वर्तमान समय में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे हैं।
इस बीच प्रो. ओमशंकर ने जो टवीट राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, बीएचयू वीसी आफिस को किया है, उसमें इस बात का जिक्र किया है पद पर रहते हुए ये लोग सबूतों से छेड़छाड़ भी कर सकते हैं। ऐसे में तुरंत पदों से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने अपने फेसबुक वाल पर भी यहीं लिखा है।
प्रकरण में अधिकारियों ने साधी चुप्पी
बीएचयू अस्पताल के एमएस समेत जिन तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, इस पर बीएचयू प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जा रही है, इस पर बीएचयू प्रशासन के अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। मामले में न तो आईएमएस निदेशक प्रो.एसएन संखवार कुछ कहने को तैयार है और न ही विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी। ऐसे में अब सभी की नजर इस मामले में होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी है।