रोहनिया पुलिस ने कादीपुर स्थित गोदाम पर मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
नामी कंपनियों की फर्जी बोरी में नकली सीमेंट बेचने के तीन आरोपियों को वाराणसी पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया। निशानदेही पर कादीपुर स्थित गोदाम पर छापा मारकर पुलिस ने डेढ़ सौ बोरी मिलावटी सीमेंट बरामद किया। विभिन्न कंपनियों के बोरी में सीमेंट भरे हुए थे। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को शिकायत मिल रही थी कि इलाके में मिलावटी सीमेंट का धंधा जोरों पर चल रहा है। कई कंपनियों के अधिकारियों ने भी शिकायत दर्ज कराई कि कंपनी का नाम बदनाम करके फर्जी तरीके से बोरी में नकली सीमेंट की बिक्री की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सगहट गांव की एक महिला कादीपुर गांव में सीमेंट का गोदाम बनवा रखी है और वहां नकली सीमेंट ब्रांडेड कंपनियों की बोरी में पैकिंग कर बाजार में बेचा जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर सुबह रोहनिया थाने की पुलिस ने गोदाम में छापा मारकर 150 बोरी सीमेंट के साथ ही शहावाबाद निवासी तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जानकारी पाकर गोदाम मालकिन भी तीनों युवकों को छुड़ाने के लिए दोपहर में थाने पहुंच गई।