हरिश्चंद्र महाविद्यालय: कॉलेज प्रशासन की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली
- फोटो : अमर उजाला
हरिश्चंद्र महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की तारीख की घोषणा की मांग कर रहे छात्रों ने बुधवार को महाविद्यालय प्रशासन की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और नारेबाजी भी की। छात्रनेताओं ने कहा कि जब तक चुनाव तिथि घोषित नहीं होगी, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को भी महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान अंकित पांडेय, सर्वेश तिवारी, अभया यादव, शिवम पटेल, आनंद मौर्या, राहुल सिंह, रवि गुप्ता आदि छात्रनेता मौजूद रहे।
अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में स्नातक कक्षाओं का परिणाम आने के बाद छात्राओं ने हंगामा किया। छात्राओं का कहना है कि प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट जनवरी 2022 में जारी होना था, लेकिन इसमें एक साल का विलंब हो गया। जब परिणाम आया तो काफी संख्या में छात्राओं को फेल कर दिया गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं को समझाबुझाकर शांत कराया।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव के लिए शिक्षक व विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल प्रमुख सचिव से मुलाकात करेगा। बुधवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और कुलपति प्रो. एके त्यागी के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय हुआ।
कुलानुशासक प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि छात्रों की मांग पर कुलपति ने प्रमुख सचिव से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। शिक्षक व छात्रों का प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए लखनऊ जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पांच सदस्य होंगे। छात्रों ने प्रतिनिधिमंडल पर सहमति जताई और युवा महोत्सव व विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में अपनी सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।