उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक द्वारा आयोजित मैराथन में मैरी कॉम।
- फोटो : संवाद
30 किलोग्राम कम किया वजन, अब बिना थके दौड़ पूरी की
लखनऊ के विवेक पंडित ने 21 किलोमीटर की दौड़ 1 घंटे 41 मिनट में पूरी की है। उत्साहित विवेक ने कहा कि फिट रहने के लिए निश्चित उम्र नहीं होती है। नियमित व्यायाम और खानपान से स्वस्थ रहा जा सकता है। छह से सात महीने में 98 किलोग्राम वजन को 68 किलोग्राम किया है। स्टेडियम में 50 और 100 किलोमीटर तक दौड़ने में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होती है। हर दिन सुबह उठने के बाद दो किलोमीटर चलने के बाद दौड़ लगाता हूं। जीवन में हर चीज बांट सकते हैं, लेकिन शिक्षा और सेहत को बांटा नहीं जा सकता है। सुबह छह बजे उठने के बाद व्यायाम करने, गरम पानी पीने के बाद योग, प्राणायाम भी जरूरी होता है। जहां तक खाने की बात है तो दिन में राजमा और चावल ( माड़ रहित) या फिर छोले चावल और शाम को चार रोटी सब्जी खाता हूं।
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के मैराथन में बादल
- फोटो : संवाद
कक्षा तीन की पढ़ाई, 21 किलोमीटर दौड़ लगाई
ललितपुर से आए दस वर्षीय बादल जब मंच पर पहुंचे तो हर कोई अचंभित दिखा। बादल ने 21 किलोमीटर की दौड़ लगाई और यह दूरी 1 घंटा 52 मिनट में पूरी की। इस पर ओलंपियन मैरीकॉम ने बादल को शाबाशी दी और पुरस्कृत भी किया। बादल हर दिन पांच से दस किलोमीटर दौड़ लगाते हैं। सुबह उठने के बाद दूध पीना, जरूरत के हिसाब से फल खाना और दौड़ना नियमित दिनचर्या का हिस्सा है। उसकी बड़ी बहन (12 वर्षीय) इंदिरा ने 42 किलोमीटर की मैराथन में दौड़ लगाई थी। इसे देखकर प्रेरणा मिली और आगे बढ़ गया। इंदिरा को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भी मिल चुका है।