शहर के 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी)पर शुक्रवार से सांध्यकालीन ओपीडी भी चलाई जाएगी। यहां हर दिन शाम चार बजे से रात आठ बजे तक मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। पहले चरण में 12 स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी चलाई जाएगी। इसके बाद जल्द ही बाकी केंद्रों पर भी सांध्यकालीन ओपीडी भी चलाई जाएगी।
जिले में इस समय शहरी क्षेत्र में कुल 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। यहां अब तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ही ओपीडी चलाई जाती है। लेकिन अब सांध्यकालीन ओपीडी भी चलाने के फैसले से मरीजों को बड़ी राहत होगी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर 12 पीएचसी पर सांध्य कालीन चिकित्सा सेवा शुरू की जा रही है। इसके लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है।
यहां चलेगी सांध्यकालीन ओपीडी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आनंदमयी, पाण्डेयपुर, कोनिया, मदनपुरा, सेवासदन, जैतपुरा, बेनिया, अर्दलीबाजार, भेलूपुर, लल्लापुरा, राजघाट व टाउनहाल शामिल हैं।
आठ मार्च से चलेगा मिशन इंद्रधनुष अभियान
वाराणसी। नियमित टीकाकरण से वंचित दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए मिशन इंद्रधनुष अभियान आठ मार्च से चलाया जाएगा। एक सप्ताह तक चलने वाले अभियान के लिए आशा, एएनएम सहित अन्य लोगों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। सीएमओ कार्यालय पर हुई बैठक में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने इसके लिए तैयारियाें का जायजा लिया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. वीएस राय ने बताया कि तीन चरणों में चलने वाले अभियान का पहला चरण आठ मार्च, दूसरा चरण चार अप्रैल और तीसरे चरण का अभियान दो मई को शुरू होगा। ऐसे बच्चे जिनका जन्म 20 फरवरी 2020 के बाद हुआ है, उन्हें टीका लगाया जाएगा।