उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने शिवाला में सीवर के अंदर बोरा मिलने के मामले में सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने सोमवार को अग्रवाल रेडियो चौराहा पहुंचकर जायजा लिया। लोगों से बातचीत कर सीवर, जलनिकासी और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
विज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि नौ दिन बाद भी सीवर में बोरा डालने वाले गिरफ्तार नहीं हुए हैं। डबल इंजन की सरकार जनता के सामने सच्चाई लाए। चेतावनी दी कि सच्चाई सामने नहीं आई तो प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव किया जाएगा। जलकल विभाग की तहरीर के बावजूद दोषियों की पहचान नहीं हुई है। कहा कि घटना स्थल पर स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। आसपास के कैमरों की फुटेज चेक कर दोषियों का पता लगाया जा सकता है। सरकार को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करनी चाहिए। किसी ने जानबूझकर सीवर में बोरा डाला है तो उसे गिरफ्तार किया जाए। अगर आरोप गलत है तो सच्चाई जनता के सामने रखी जाए। इस मौके पर सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।