कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार की सड़क पर अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
कैंट रेलवे स्टेशन के सामने सड़क के दोनों साइड अतिक्रमण और सड़क पर ऑटो स्टैंड के चलते यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद कोई सुधार नहीं है। दोनों तरफ ठेला और खोमचा के कारण सुबह और शाम यातायात बाधित हो रहा है। रोडवेज चौकी के दायरे में आने वाले इस क्षेत्र में पिछले दो माह में 25 से अधिक ठेलों की संख्या बढ़ी है। विशेष अभियान के समय कुछ घंटे के लिए ठेले और ऑटो, ई-रिक्शा हटते हैं और फिर तुरंत बाद काबिज हो जाते हैं। रेल यात्रियों से दुर्व्यवहार भी होता है।
कैंट आरपीएफ-जीआरपी की ओर से सिगरा पुलिस को कई बार पत्र जारी किया गया कि स्टेशन के मुख्य गेट के आसपास से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने भी इस रूट का निरीक्षण पूर्व में कई बार किया और यातायात सुगम बनाए रखने, सड़क के दोनों छोर की पटरियों को खाली रखने समेत तमाम दिशा निर्देश दिए, लेकिन शुरू के कुछ दिन तक व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के बाद स्थिति जस की तस हो गई।
इसे भी पढ़ें; UP: मां-बेटी की मौत की से गांव में मातम, घायल देवर अस्पताल में लड़ रहा जिंदगी की जंग; दुबई से रवाना हुआ पति
स्टेशन के मुख्य गेट से लेकर रोपवे साइड तक की सड़क अतिक्रमण से पटी हुई है। गंदगी के साथ ही यात्रियों को दूषित पेय पदार्थ और खाद्य पदार्थ बेचे जाते हैं। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्देशित किया गया है। यातायात में बाधा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
स्टेशन परिसर में खड़ी होती है बाहरी गाड़ियां
अवैध तरीके से संचालित बसें और क्रूजर जैसी गाड़ियां देर रात और भोर के समय स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में घुसकर सवारियां बैठाती हैं। आरपीएफ और जीआरपी की सख्ती के बावजूद कोई असर नहीं है।