प्रदेश सरकार के मिशन रोजगार के तहत युवाओं को रोजगार का तोहफा मिलेगा। आईटीआई करौंदी परिसर में आगामी 9-10 दिसंबर को काशी सांसद रोजगार महाकुंभ का आयोजन होगा। इसमें राष्ट्रीय व बहुराष्ट्रीय लगभग 300 कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसमें अधिकतम सैलरी सालाना 3.60 लाख रुपये तक मिलेगी।
सहायक निदेशक सेवायोजन मुकेश कुमार ने बताया कि इस रोजगार महाकुंभ में 20 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य है। औद्योगिक नीति, बेहतर कानून व्यवस्था, कनेक्टिविटी और मजबूत मूलभूत ढांचे के कारण कंपनियां वाराणसी में युवाओं को नौकरी देने के लिए खुद उनके शहर तक आ रही हैं।
वाराणसी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि जो भी प्रतिभागी रोजगार मेले में हिस्सा लेंगे, उन्हें निशुल्क रोजगार संगम पोर्टल पर और ऑन स्पॉट पंजीयन की सुविधा दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें; UP Crime: आजमगढ़ में पति ने की पत्नी की हत्या, रात में विवाद के बाद पीट- पीटकर मार डाला; पुलिस कर रही पूछताछ
जिला वाराणसी प्रशासन की ओर से जारी क्यूआर कोड को स्कैन करके भी रोजगार महाकुंभ में निशुल्क शामिल हुआ जा सकता है। इस मेले में आईटी, निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग, पर्यटन और सेवा, सुरक्षा आदि क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, एमबीए, बीबीए, होटल मैनेजमेंट, बीटेक, एलएलबी, एमफार्मा आदि प्रोफेशनल डिग्री उत्तीर्ण अभ्यर्थी निशुल्क हिस्सा ले सकते हैं।